श्री कृष्ण जन्मभूमि केस के हिन्दू पक्षकार बोले, हिंदू पक्ष को सुने बिना न दिया जाए कोई आदेश
मथुरा (मनोज चौधरी)
श्री कृष्ण जन्मभूमि बनाम शाही ईदगाह मस्जिद केस मथुरा के हिंदू पक्षकार एवं श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने भोजशाला मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में केविएट दाखिल की है। उन्होंने कहा कि इंदौर हाईकोर्ट द्वारा भोजशाला को मंदिर और संस्कृत शिक्षण केंद्र मानने के बाद मुस्लिम पक्ष सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। ऐसे में हिंदू पक्ष की ओर से भी कानूनी तैयारी शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में दाखिल केविएट का उद्देश्य यह है कि यदि भोजशाला मामले में कोई विशेष अनुमति याचिका या अपील दायर होती है तो हिंदू पक्ष को सुने बिना कोई अंतरिम आदेश पारित न किया जाए। महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भोजशाला और अयोध्या मामलों में पुरातात्विक साक्ष्य, ऐतिहासिक अभिलेख और पूजा की निरंतर परंपरा महत्वपूर्ण आधार रहे हैं।
उनका कहना है कि भोजशाला मामले में इंदौर हाईकोर्ट द्वारा दिए गए निष्कर्ष भविष्य में श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण में भी कानूनी नजीर साबित होंगे।
