Blog Punjab

बी.वी.एन. हाई स्कूल में देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग स्वतंत्रता दिवस समारोह

बटाला (आदर्श तुली/सुमित नारंग/ चेतन शर्मा/सुनील युम्मन)

बी.वी.एन. हाई स्कूल, पुरियां मोहल्ला, बटाला में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रंगारंग एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रभक्ति की भावना का अद्भुत प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा नवमी की छात्रा मन्नत जोशी द्वारा प्रस्तुत सुंदर एवं भावपूर्ण सरस्वती वंदना नृत्य से हुआ। इसके पश्चात प्री-प्राइमरी कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आकर्षक वेशभूषा में रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। इनमें क्रांतिकारियों, पंजाबी संस्कृति तथा यातायात नियमों के पालन से संबंधित प्रस्तुतियाँ विशेष रूप से सराहनीय रहीं।

विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। ‘आयो रे शुभ दिन आयो रे’, ‘ओ देश मेरे’, ‘मेरा देश होवे पंजाब’, ‘देश मेरा रंगीला’, ‘जहाँ डाल-डाल पर सोने की चिड़िया’, ‘I Love My India’, ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ तथा ‘मिट्टी के बेटे’ जैसे गीतों पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति पुलवामा आतंकी घटना पर आधारित थी। वीर जवानों के बलिदान को समर्पित इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता की भावना जागृत की।

कार्यक्रम में विभिन्न कक्षाओं से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। LKG से किआरा, रेयांश; UKG से रहमत, सैमसन एवं अमनप्रीत कौर; कक्षा प्रथम से गोकुल, माधव, जसलीन, आनिया, नवनीत एवं धनवी; कक्षा द्वितीय से अदिति एवं सांची; कक्षा तृतीय से रिया, संचिता, राघव, रिषभ, मानव एवं कार्तिक; कक्षा पंचम से मन्नत, तनिषा, स्नेहा, रिया एवं मंश; कक्षा षष्ठी से युवराज, रीजॉयस, अश्मीत, हेमंत, खुशबाज, रामवीर सिंह, किरणजीत, मानवी, गुंजन एवं हरशदीप सिंह; कक्षा सप्तम से प्रिया, श्रुति शर्मा, पलक शर्मा, आराधना, नवदीप एवं मान्या; कक्षा नवमी से मन्नत जोशी, रीत शर्मा, सुनैना, लहर एवं भूमिका तथा कक्षा दशमी से अभय मेहता, दानिश मल्ल्ही, रागिनी, वृंदा, सुशीला एवं पलक मल्होत्रा ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुचारु मंच संचालन अध्यापिका शालिनी गुप्ता ने बखूबी किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की तैयारी में अध्यापिका शालिनी गुप्ता, अध्यापिका नीतू एवं अध्यापिका दिव्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन एवं परिश्रम से विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ दीं।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के निदेशक श्री विनय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “आज का विद्यार्थी ही भारत का भविष्य है। आज विद्यार्थी जिस प्रकार का चरित्र एवं संस्कार अपने जीवन में विकसित करेगा, आने वाले वर्षों में उसी के अनुरूप भारत का निर्माण होगा।” उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने प्रत्येक कार्य में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लें।

श्री शर्मा ने विद्यार्थियों को मेहनती, ईमानदार, पर्यावरण एवं स्वच्छता के प्रति सजग तथा देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को देशहित में कार्य करने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने तथा भारत को स्वच्छ, संस्कारित, सशक्त एवं गौरवशाली राष्ट्र बनाने में अपना योगदान देने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम का समापन ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष एवं राष्ट्र गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। पूरे विद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम, उत्साह और गर्व का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *