मथुरा/वृंदावन( पंडित लक्ष्मीकांत शर्मा/ मनोज चौधरी)
श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को शहर के मधुवन क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा राधिका सिटी से शुरू होकर आधा दर्जन कालोनियों से होते हुए गुजरी, जहां लोगों ने जगह-जगह समर्थन जताया।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं श्री कृष्ण जन्मभूमि केस के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट की अगुवाई में निकाली गई यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। न्यास के अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि सनातन धर्म की खिलाफत करने वाले गद्दार है और ऐसे लोगों के लिए इस देश में कोई स्थान नहीं।
एकजुट होने का आह्वान
इस दौरान महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि भारत में रहकर सनातन धर्म का विरोध करने वालों के लिए देश में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने हिंदू समाज से एकजुट होकर अपनी आस्था की रक्षा करने का आह्वान किया। उनका कहना था कि देशभर में जन्मभूमि मुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरण चलाया जा रहा है और लोगों का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
ऐतिहासिक संदर्भ का उल्लेख
उन्होंने दावा किया कि मुगल आक्रांताओं ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को कई बार तोड़ा और वर्ष 1670 में औरंगजेब ने वहां मस्जिद का निर्माण कराया। उन्होंने कहा कि वास्तविक प्राकट्य स्थल पर मंदिर निर्माण की मांग को लेकर न्यायालय में वाद दायर है और इसे लेकर जनजागरण अभियान भी चलाया जा रहा है।
गांव-गांव पहुंच रहा अभियान
न्यास पदाधिकारियों के अनुसार कार्यकर्ता गांव-गांव और बस्ती-बस्ती जाकर लोगों को आंदोलन से जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में भी मुक्ति के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
यात्रा में नीलमाधव दास, राधा मोहन दास, श्यामा नंद जी महाराज, मंजू चौधरी, धर्मेंद्र, हेमंत शर्मा, रवि कुमार, शिव कुमार, लाखन सिंह, त्रिलोकी और नीरज समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद
