राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक प्रमोद ने संघ के गौरवमयी 100 वर्षों की यात्रा का उल्लेख किया
टारगेट पोस्ट, फतेहगढ़ चूड़ियां:
विरसा संभाल मंच द्वारा स्थानीय मंदिर गागरा वाला में एक भव्य धर्म सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक श्री प्रमोद जी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत धार्मिक गीत और श्लोक रहे, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की इस प्रस्तुति ने नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के मंच के प्रयास को सार्थक सिद्ध किया।

अपने संबोधन में श्री प्रमोद जी ने संघ के गौरवमयी 100 वर्षों की यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए ‘पंच परिवर्तन’—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवन शैली और नागरिक कर्तव्य पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि इन पांच सिद्धांतों को अपनाकर ही हम एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
