राजकीय संग्रहालय मथुरा ने अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा विवरण, कटरा केशव देव से प्राप्त प्रतिमाओं का अभिलेख शामिल
मथुरा मनोजचौधरी/ पंडित लक्ष्मीकांत शर्मा)
श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद मामले में अब मूर्तियों से जुड़ा आधिकारिक रिकॉर्ड भी सामने आ गया है। हिन्दू पक्षकार अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के क्रम में राजकीय संग्रहालय, मथुरा ने कटरा केशव देव से प्राप्त प्रदर्शित मूर्तियों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया है।
माना जा रहा है कि इस अभिलेख को इलाहाबाद हाईकोर्ट में विचाराधीन मामले में साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
राजकीय संग्रहालय की ओर से जारी पत्र संख्या– 22 / एस-जी-72/वि0 / 2026-27, दिनांक 24 अप्रैल 2026 में बताया गया है कि यह जानकारी अधिवक्ता के 22 अप्रैल 2026 के प्रार्थना पत्र के क्रम में उपलब्ध कराई गई है। उप निदेशक योगेश कुमार द्वारा जारी पत्र में संबंधित मूर्तियों का विवरण संलग्न है।
संग्रहालय द्वारा दिए गए अभिलेख में विभिन्न कालखंडों की प्रतिमाओं का उल्लेख है। क्रमांक 3 में 40.2883 संख्या की “कार्तिकेय सहित अग्नि देव” मूर्ति को कुषाण काल का बताया गया है, जिसमें कार्तिकेय भाला लिए अग्नि देव के साथ खड़े हैं और अग्नि देव अभय मुद्रा में दर्शाए गए हैं।
क्रमांक 4 में 79.128 संख्या का “द्वार-स्तम्भ” गुप्तकालीन बताया गया है, जो श्रीकृष्ण जन्म स्थान, मथुरा से संबंधित है। इसमें वैष्णव मंदिर की द्वार शाखा के अधोभाग में देवी गंगा को मकर वाहन पर घट लिए हुए दर्शाया गया है।
इसी क्रम में 54.3837 संख्या की “विश्वरूप विष्णु” प्रतिमा का भी उल्लेख है, जिसमें नरसिंह और वाराह सहित विभिन्न स्वरूपों के साथ विष्णु का विश्वरूप दर्शाया गया है। वहीं 54.3810 संख्या की “नदी देवी” की प्रतिमा को गुप्तकालीन बताते हुए त्रिभंग मुद्रा में निर्मित बताया गया है।
महत्वपूर्ण बिंदु
महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के प्रार्थना पत्र पर संग्रहालय ने दी जानकारी
कटरा केशव देव से प्राप्त मूर्तियों का आधिकारिक विवरण
कुषाण और गुप्तकालीन प्रतिमाओं का उल्लेख
हाईकोर्ट में साक्ष्य के रूप में पेश होने की तैयारी
क्या बदलेगा असर
मामले की सुनवाई के बीच सामने आया यह रिकॉर्ड अब अदालत में बहस का अहम आधार बन सकता है। आने वाले समय में इस पर दोनों पक्षों की दलीलें महत्वपूर्ण रहेंगी।