Fri. May 15th, 2026

मथुरा (मनोज चौधरी)

केडीएस इंटरनेशनल स्कूल सलेमपुर रोड का सीबीएसई बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित हुआ, जिसमें विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के सभी 143 पंजीकृत छात्र बेहतर अंकों के साथ उत्तीर्ण हुए। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा।
विद्यालय की छात्रा याशी अग्रवाल ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं देव कृष्ण शर्मा ने 94.06 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। विनायक कटारा और प्रकुंज शर्मा ने 94 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

याशी अग्रवाल ने गणित और अंग्रेजी विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विशेष उपलब्धि (शत प्रतिशत) हासिल की। वहीं कृष्णम अग्रवाल ने भी शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। देव कृष्ण शर्मा ने शारीरिक शिक्षा में 99 तथा रसायन विज्ञान में 95 अंक प्राप्त किए।
गणित विषय में प्रकुंज शर्मा ने 99 अंक हासिल किए, जबकि जीव विज्ञान में कृतिका पाल ने 96 अंक प्राप्त किए। भौतिक विज्ञान में याशी अग्रवाल ने 95 अंक अर्जित किए। इसके अलावा ईशानवी जैन ने जीव विज्ञान में 96 और स्वप्निल वर्मा ने भौतिक विज्ञान में 94 अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया।
कई विषयों में छात्रों ने बनाए 90 से अधिक अंक
अंग्रेजी विषय में 28, गणित में चार, भौतिक विज्ञान में नौ तथा रसायन विज्ञान में 11 छात्रों ने 90 से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
विद्यालय में बेहतर शिक्षण व्यवस्था और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के कारण ही परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। चेयरमैन ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय टॉपर याशी अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों को दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed