Thu. Jul 9th, 2026

मथुरा (मनोज चौधरी/ पंडित लक्ष्मीकांत शर्मा)

श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण से जुड़े मामलों में इलाहाबाद हाईकोर्ट में 10 जुलाई को प्रस्तावित सुनवाई स्थगित कर दी गई है। अब इन मामलों की सुनवाई 17 जुलाई को दोपहर दो बजे होगी। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (लिस्टिंग) कार्यालय ने गुरुवार को यह आदेश जारी किए गए हैं।

श्री कृष्ण जन्मभूमि बनाम शाही ईदगाह मस्जिद केस के हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हाईकोर्ट में सूचीबद्ध श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित सभी मामलों की सुनवाई अब 17 जुलाई को होगी।

उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण में दाखिल विभिन्न वादों पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। 10 जुलाई को निर्धारित सुनवाई को मुस्लिम पक्ष द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर यह निर्णय कोर्ट द्वारा लिया गया है। मुस्लिम पक्ष ने कोर्ट से सुनवाई की तिथि आगे बढ़ाए जाने की मांग की थी। हाईकोर्ट के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित तिथि पर संबंधित मामलों को नहीं सुना जा सकेगा, इसलिए सभी संबंधित अधिवक्ताओं को नई तारीख की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि हिंदू पक्ष न्यायालय की कार्यवाही में पूरी मजबूती के साथ अपना पक्ष रख रहा है। पक्षकारों को अब 17 जुलाई की सुनवाई का इंतजार है। हाईकोर्ट में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े 18 मामलों की सुनवाई एक साथ सूचीबद्ध है। गौरतलब है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन है। विभिन्न वादों में श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर से जुड़े दावों और मांगों को लेकर सुनवाई चल रही है। हाईकोर्ट की अगली सुनवाई में आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर सभी पक्षों की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed